कौशांबी में भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में 7 गिरफ्तार, दो बदमाश घायल
विवेचना के दौरान मंझनपुर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि भैंस चोर गिरोह कोर्रो गांव के पास चोरी की भैंसों को ले जाने की तैयारी में है।
कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट —
कौशांबी/जनमत न्यूज। जिले में सक्रिय भैंस चोर गिरोह का मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान सात भैंस चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि फायरिंग में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मंझनपुर थाना क्षेत्र के शमशाबाद गांव निवासी महेश प्रसाद यादव की दो भैंस 11/12 जनवरी की रात चोरी हो गई थीं। इस संबंध में पीड़ित की लिखित तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की विवेचना के दौरान मंझनपुर पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि भैंस चोर गिरोह कोर्रो गांव के पास चोरी की भैंसों को ले जाने की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान रास्ते में एक पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक और पीछे से आ रही दो पिकअप गाड़ियां दिखाई दीं। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पल्सर बाइक सवार दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े।
इसी बीच पीछे से आ रही दो पिकअप गाड़ियों से उतरकर कुछ अन्य आरोपी भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों पिकअप गाड़ियों से दो भैंस बरामद की गईं, जिन्हें बेचने की फिराक में आरोपी ले जा रहे थे। वहीं घायल बदमाशों के पास से दो तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
मंझनपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, एक पल्सर बाइक, दो पिकअप गाड़ियां और दो भैंस बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे चोरी की भैंसों को दूसरे जिलों में ले जाकर बेचते थे। दुधारू भैंसों को किसानों को बेचकर मोटी रकम कमाना उनका मुख्य धंधा था।
पुलिस अब आरोपियों से जिले के अन्य इलाकों में हुई भैंस चोरियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
