कैंट एरिया में सेना की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, मची अफरा-तफरी

स्थानीय लोगों ने जब दहाड़ की आवाज सुनी तो वे घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां पहुंचकर देखा कि तेंदुआ फेंसिंग के बीच छटपटा रहा था और निकलने की कोशिश कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल इलाके को चारों ओर से घेराबंदी कर लोगों को दूर हटाया।

कैंट एरिया में सेना की फेंसिंग में फंसा तेंदुआ, मची अफरा-तफरी
REPORTED BY - AZAM KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अयोध्या/जनमत न्यूज। अयोध्या के कैंट एरिया में उस समय हड़कंप मच गया जब सेना द्वारा लगाए गए फेंसिंग जाल में एक बड़ा तेंदुआ फंस गया। तेंदुए की जोरदार दहाड़ से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जब दहाड़ की आवाज सुनी तो वे घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां पहुंचकर देखा कि तेंदुआ फेंसिंग के बीच छटपटा रहा था और निकलने की कोशिश कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल इलाके को चारों ओर से घेराबंदी कर लोगों को दूर हटाया।

वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लखनऊ से ट्रेंकुलाइजर गन मंगवाई और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सेना के जवान भी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ काफी समय से कैंट क्षेत्र के जंगलों में घूमता देखा जा रहा था। कई बार लोगों ने वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए थे, लेकिन वन विभाग ने उन्हें अफवाह बताकर खारिज कर दिया था। आज की घटना ने उन वीडियो की पुष्टि कर दी।

यह इलाका शहर के बीचोंबीच स्थित है, जहां दो बड़े स्कूल और घनी आबादी मौजूद है। गनीमत रही कि तेंदुए ने अब तक किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया है। वन विभाग की ट्रेंकुलाइजर टीम द्वारा तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास जारी है।