महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव: शुरुआती रुझानों में महायुति का दबदबा ; BMC, पुणे व नागपुर में बड़ी बढ़त
महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत 29 निगमों को लेकर चल रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को बड़ी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है।
मुंबई/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत 29 निगमों को लेकर चल रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को बड़ी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है।
शुरुआती रुझानों में भाजपा नेतृत्व वाली महायुति 370 वार्ड में आगे चल रही है। इसमें अकेले भाजपा 297 वार्ड में बढ़त पर है, जबकि शिवसेना 73 वार्ड में अपना दबदबा बनाए हुए दिख रही है। इन शुरुआती रुझानों से साफ है कि भाजपा गठबंधन राज्य के कई नगर निगमों में मजबूत स्थिति में है।
नागपुर में 40 सीटों पर भाजपा आगे
नागपुर में हुए चुनाव के रुझानों में भाजपा ने 40 सीटों पर अपनी मजबूत बढ़त बनाई है। वहीं कांग्रेस ने 12 सीटों पर अपनी बढ़त बना रखी है।
बीएमसी चुनाव के रुझानों में भाजपा 50 सीटों पर आगे
BMC चुनाव के रुझानों में भाजपा गठबंधन 50 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी)+ 26 सीटों पर आगे चल रही है।
राहुल गांधी बोले- जनता को भ्रमित कर रहा आयोग
महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 निगमों को लेकर चल रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती हुई नजर आ रही है। ऐसे में अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया कि वह जनता को गुमराह कर रहा है, और इसे लोकतंत्र में भरोसे की गिरावट बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि चुनाव आयोग द्वारा जनता को भ्रमित करना हमारे लोकतंत्र में भरोसे की कमी का कारण है। वोट चोरी एक देश विरोधी कृत्य है।
चंद्रकांत पाटिल ने कहा- जनता काम देखकर भरोसा कर रही है, सिर्फ भाषणों पर नहीं
BMC समेत महाराष्ट्र के सभी निगमों में चल रही मतगणना के रुझानों भाजपा गठबंधन को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। ऐसे में पुणे महापालिका चुनावों की मतगणना के दौरान महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि लोग उनके किए गए काम को देखकर भरोसा कर रहे हैं, सिर्फ चुनावी भाषणों पर नहीं।
उन्होंने कहा कि हमने लोगों के मन में ये सवाल उठाया कि अगर शिवसेना (यूबीटी) विकास करना चाहती थी, तो पहले क्यों नहीं किया? हमनें कोविड-19 के दो और आधे साल के दौरान भी बहुत काम किया।
पाटिल ने आगे कहा कि चाहे ठाकरे भाई एक हों या कांग्रेस और एनसीपी मिलें, ये जनता के हित में नहीं है। लोगों ने समझ लिया है कि ये सब केवल अपने स्वार्थ के लिए है।
उन्होंने पार्टी की जीत के रुझान बताते हुए कहा कि मुंबई में भाजपा को 90 और शिवसेना को 40 सीटें मिलेंगी। ये संख्या बढ़ सकती है, लेकिन कम नहीं होगी। पुणे में हम 115 सीटों से कम नहीं पाएंगे।
संभाजीनगर में भाजपा चार सीटों पर आगे
संभाजीनगर में भाजपा 4 सीटों पर आगे है, शिवसेना (यूबीटी) 3 सीटों पर, कांग्रेस 1 सीट पर और अन्य पार्टियों ने 5 सीटों पर बढ़त बनाई है।

Janmat News 
