तलाक के बाद बीच सड़क पति-पत्नी में विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल
अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —
कन्नौज / जनमत न्यूज। जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में तलाकशुदा पति-पत्नी के बीच बीच सड़क विवाद का मामला सामने आया है। दोनों के बीच हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
वायरल वीडियो में एक महिला युवक को थप्पड़ मारती नजर आ रही है, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य महिलाएं डंडों से युवक की पिटाई करती दिखाई दे रही हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
पीड़िता शाहीन का आरोप है कि करीब दो माह पहले तलाक होने के बावजूद उसका पूर्व पति लगातार उसे और बच्चों को परेशान कर रहा है। उसने कहा कि आरोपी पति आए दिन हमला करने की कोशिश करता है और परिवार को धमकाता रहता है।
बताया जा रहा है कि विवाद गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज इलाके में हुआ। घटना के बाद पीड़िता शाहीन कोतवाली पहुंची और हमलावर पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


