मुजफ्फरनगर: छपार पुलिस के साथ मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश वाजिद घायल, जिंदा गोवंश और अवैध तमंचा बरामद

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

मुजफ्फरनगर: छपार पुलिस के साथ मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गौकश वाजिद घायल, जिंदा गोवंश और अवैध तमंचा बरामद
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं गौकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने 13 नवंबर की देर रात कुतुबपुर-खोजानंगला रजवाहे के पास मुठभेड़ के दौरान थाना छपार के हिस्ट्रीशीटर एवं कथित गौकश वाजिद पुत्र नूरहसन निवासी ग्राम खुड्डा को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जीवित गोवंश को गोकशी के उद्देश्य से लेकर जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी वाजिद घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक जीवित गोवंश, गोकशी के उपकरण, एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, अभियुक्त वाजिद के विरुद्ध वर्ष 2016 से 2026 तक गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना छपार का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।

यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार तथा थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक शुभम चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में गौकशी जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।