औरैया: दिबियापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवती के अपहरण एवं दुष्कर्म मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

उप्र के औरैया जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दिबियापुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 

औरैया: दिबियापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवती के अपहरण एवं दुष्कर्म मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट 

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दिबियापुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 

पुलिस टीम ने युवती के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में तथा जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना दिबियापुर पुलिस लगातार वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुधवार सुबह करीब 8:05 बजे अजमतपुर रोड स्थित अनुराग पाठक की प्लाटिंग के पास घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरुण कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी झाबर का पुरवा, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया, उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त थाना दिबियापुर में पंजीकृत मु00सं0 293/2026 में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 115(2), 351(3), 352, 333 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। मामला युवती के अपहरण एवं दुष्कर्म से संबंधित गंभीर अपराध का है, जिसकी विवेचना थाना दिबियापुर पुलिस द्वारा की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ की गई तथा विधिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल गौरव चौहान तथा कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को बिना किसी अप्रिय घटना के गिरफ्तार किया।

औरैया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अपराध से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।