प्रतापगढ़: छोइया नाले में नहाते समय डूबे दो दोस्त, एक को बचाया; एक गहरे पानी में समाया

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुकरपुर झलिया गांव स्थित छोइया घाट पर बुधवार दोपहर बाद नहाने गए दो दोस्त तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे।

प्रतापगढ़: छोइया नाले में नहाते समय डूबे दो दोस्त, एक को बचाया; एक गहरे पानी में समाया
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मधुकरपुर झलिया गांव स्थित छोइया घाट पर बुधवार दोपहर बाद नहाने गए दो दोस्त तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे।

शोर सुनकर एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए पानी में छलांग लगाकर एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि उसका दोस्त गहरे पानी में समा गया।

हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीण गोताखोरों की मदद से देर शाम तक युवक की तलाश जारी रही। मधुकरपुर निवासी नीरज पटेल (19) से मिलने उसका दोस्त जेवई बनकटवा निवासी राजाराम सरोज का बेटा सत्यम सरोज (18) गांव आया था।

बुधवार दोपहर बाद दोनों छोइया नाले में नहाने के लिए चले गए। बारिश के कारण इन दिनों नाले में पानी काफी बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज है। नहाते समय अचानक दोनों दोस्त गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

दोनों को डूबता देख गांव के ही पुत्तीलाल ने बिना देर किए नाले में छलांग लगा दी। उसने नीरज पटेल को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सत्यम तेज बहाव के बीच गहरे पानी में चला गया। काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी को सूचना दी। कुछ ही देर में लालगंज कोतवाल आलोक कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया। इसके बाद ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नाले में सत्यम की तलाश शुरू कराई गई।

घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज एसडीएम वाचस्पति सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पुलिस और ग्रामीण गोताखोरों ने नाले के अलग-अलग हिस्सों में तलाश अभियान चलाया। तेज बहाव और अधिक पानी के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

देर शाम तक सत्यम का कोई पता नहीं चल सका था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद सत्यम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुटे रहे और युवक के मिलने की उम्मीद लगाए रहे।