बलरामपुर: चॉकलेट-बिस्कुट की दुकान की आड़ में पटाखों का अवैध कारोबार, 1080 पैकेट बरामद

उप्र के बलरामपुर जनपद की कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

बलरामपुर: चॉकलेट-बिस्कुट की दुकान की आड़ में पटाखों का अवैध कारोबार, 1080 पैकेट बरामद
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद की कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चुंगी नाका तिराहा, नहरबालागंज स्थित इमरान ट्रेडर्स की दुकान के अंडरग्राउंड से 9 बोरियों में रखे 1080 पैकेट विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 9 हरी प्लास्टिक की बोरियों में कुल 1080 पैकेट पटाखे मिले।

मामले में पुलिस ने इमरान खान पुत्र मो. अनीस खान, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी नीमकौनी अंधियारी बाग, थाना कोतवाली नगर, बलरामपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं था।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चॉकलेट-बिस्कुट बेचने की आड़ में अवैध पटाखों की बिक्री करता था। बरामद पटाखों में छुरछुरी, गाजर, राकेट, चकरी, मिर्ची, सुतली, माचिस, सांप और बुलेट पटाखे समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) और बीएनएस की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।