सहारनपुर: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज; अधिकारियों को गंभीरता से दायित्व निभाने के निर्देश

उप्र के सहारनपुर जनपद के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सहारनपुर: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज; अधिकारियों को गंभीरता से दायित्व निभाने के निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एडीएम ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक और जनसांख्यिकीय स्वरूप का प्रामाणिक आधार तैयार करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, अधिकारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को कार्य में पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फील्ड कार्य के दौरान आने वाली किसी भी समस्या या बाधा को छिपाने के बजाय तत्काल उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। प्रथम चरण में जिस टीम भावना और समन्वय के साथ कार्य किया गया, उसे दूसरे चरण में भी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर तक गणना ब्लॉकों का गठन और जनपद स्तरीय प्रशिक्षण, जबकि 10 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है। 31 अक्टूबर तक ब्लॉकों का आवंटन और नवंबर में प्रगणकों का प्रशिक्षण पूरा किया जाएगा।

स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी, जबकि मुख्य जनसंख्या गणना 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर की जाएगी। इसके बाद 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य होगा।

जनगणना संबंधी जानकारी, शंका या शिकायत के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन भी शुरू की गई है। आमजन एवं संबंधित कर्मी 0132-2723344 अथवा टोल-फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।