प्रतापगढ़: टूटी पुलिया नाली और खड़ंजे की बदहाली से ग्रामीण परेशान, हादसे का खतरा; समाधान की मांग
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के ग्राम सभा गोपालापुर झींगुर में सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्याओं से ग्रामीण परेशान हैं।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के ग्राम सभा गोपालापुर झींगुर में सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्याओं से ग्रामीण परेशान हैं। गांव से होकर गुजरने वाले मुख्य मार्ग की पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बावजूद उसके समुचित निर्माण के बजाय ऊपर से डामर और गिट्टी डालकर सड़क की मरम्मत किए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की मूल समस्या दूर नहीं हुई है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के मुताबिक बलीपुर से गोपालापुर झींगुर होते हुए महेशगंज जाने वाले मार्ग पर पुलिया क्षतिग्रस्त है। पुलिया के आसपास बने गड्ढों और खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया का स्थायी निर्माण कराए बिना केवल सड़क की सतह की मरम्मत कर दी गई। नाली के अभाव में रास्तों पर जलभराव गांव में नाली और समुचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है। खड़ंजे पर लंबे समय तक पानी भरा रहने से आवागमन प्रभावित होता है।
जलभराव और कीचड़ के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं कराया गया। पानी जमा रहने से खड़ंजा भी जगह-जगह खराब हो रहा है।
प्रधान को भी दी गई जानकारी
ग्रामीणों के अनुसार गांव की समस्याओं की जानकारी ग्राम प्रधान को भी दी जा चुकी है। ग्रामीणों ने नाली निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था में सुधार, खड़ंजे की मरम्मत और मुख्य मार्ग की टूटी पुलिया का मानक के अनुरूप निर्माण कराने की मांग की है।
हादसा हुआ तो जिम्मेदारी किसकी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पुलिया पर केवल डामर और गिट्टी डालने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पुलिया की मजबूती और सड़क की टिकाऊपन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर पुलिया की स्थिति की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि पुलिया समय रहते दुरुस्त नहीं कराई गई और भविष्य में कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर पुलिया का स्थायी निर्माण और गांव की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीण सौरभ यादव, विपिन गौतम, जगमोहन पाल, सूरत निर्मल, हरीलाल सरोज, पवन पांडेय और बब्बू यादव ने प्रशासन और संबंधित विभाग से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।




