अमेठी में चला ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान, दंपति से मोबाइल-पर्स छीनने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे

उप्र के अमेठी जनपद में ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत थाना मुसाफिरखाना पुलिस ने मोबाइल और पर्स छीनकर फरार होने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अमेठी में चला ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान, दंपति से मोबाइल-पर्स छीनने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
Published By- Diwaker Mishra

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट

अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद में ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत थाना मुसाफिरखाना पुलिस ने मोबाइल और पर्स छीनकर फरार होने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से रियलमी मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, चार सौ रुपये नकद और सात चाभियां बरामद की हैं।

वहीं एक बाल अपचारी को नियमानुसार पुलिस निगरानी में लिया गया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में सुसंगत धारा की बढ़ोतरी कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को मुसाफिरखाना पुलिस चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल सवार मोनू यादव उर्फ शिवम यादव,निवासी थानाक्षेत्र- मुसाफिरखाना को गिरफ्तार किया गया।उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस निगरानी में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर आरोपी उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक रियलमी मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, 400 रुपये नकद और सात चाभियां बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बीते 4 सितंबर को उसने अपने एक अन्य साथी संदीप यादव और बाल अपचारी के साथ मिलकर इसी मोटरसाइकिल से साइकिल सवार पति-पत्नी को धक्का दिया था।

इसके बाद महिला का पर्स और मोबाइल फोन छीनकर तीनों फरार हो गए थे। आरोपी के मुताबिक पर्स में बारह सौ रुपये नकद, महिला और उसके बच्चे के आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम, पैन कार्ड और कुछ चाभियां थीं।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद रुपये तीनों ने आपस में बांट लिए थे।बरामद सामान उसी घटना से संबंधित बताया गया है,जबकि शेष सामान उसके साथी संदीप यादव के पास होने की बात सामने आई है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक गोपाल मणि मिश्र,वीरेन्द्र कुमार,हेड कांस्टेबल अजय कुमार पाल तथा कांस्टेबल मिथिलेश कुमार,विपिन तिवारी और सत्यम शामिल रहे।