सीतापुर में एपेक्स और रामसा हॉस्पिटल में एक ही डॉक्टर की तैनाती पर उठे सवाल, जांच के निर्देश

एक डॉक्टर, दो अस्पताल और पूर्णकालिक ड्यूटी के दावे! आखिर मरीजों का इलाज कहां और डॉक्टर साहब की ड्यूटी कहां? उप्र के सीतापुर जनपद में निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर यह सवाल चर्चा में है।

सीतापुर में एपेक्स और रामसा हॉस्पिटल में एक ही डॉक्टर की तैनाती पर उठे सवाल, जांच के निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट 

सीतापुर/जनमत न्यूज़। एक डॉक्टर, दो अस्पताल और पूर्णकालिक ड्यूटी के दावे! आखिर मरीजों का इलाज कहां और डॉक्टर साहब की ड्यूटी कहां? उप्र के सीतापुर जनपद में निजी अस्पतालों के संचालन को लेकर यह सवाल चर्चा में है।

मामला लहरपुर क्षेत्र के एपेक्स हॉस्पिटल और बिसवां के रामसा हॉस्पिटल से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, दोनों अस्पतालों में एक ही एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. मुईद खान की तैनाती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि एपेक्स हॉस्पिटल के दस्तावेजों में डॉ. मुईद खान को पूर्णकालिक चिकित्सक के रूप में दर्ज किया गया है।

ऐसे में सवाल है कि यदि डॉक्टर यहां पूर्णकालिक ड्यूटी कर रहे हैं, तो बिसवां स्थित रामसा हॉस्पिटल में उनकी उपलब्धता कैसे सुनिश्चित हो रही है? आखिर दोनों अस्पतालों में मरीजों के उपचार की जिम्मेदारी कौन संभाल रहा है?

क्या कागजों में पूर्णकालिक ड्यूटी और धरातल की हकीकत अलग-अलग है? यदि दोनों अस्पतालों के दस्तावेजों में एक ही चिकित्सक की पूर्णकालिक तैनाती दर्ज है, तो इसकी वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच के निष्कर्ष सामने नहीं आए हैं।

मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. मनोज देशमणि से बात की गई। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है।

अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच पर टिकी हैं। क्या दोनों अस्पतालों में डॉक्टर की तैनाती और उपलब्धता का सत्यापन होगा? क्या नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी? इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।