उरई: MLC चुनाव में स्वतंत्र देव सिंह ने डाला वोट, भाजपा की एकतरफा जीत का किया दावा

उप्र विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को उरई जनपद स्थित जिला परिषद के बूथ संख्या 217 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उरई: MLC चुनाव में स्वतंत्र देव सिंह ने डाला वोट, भाजपा की एकतरफा जीत का किया दावा
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट 

उरई (जालौन)/जनमत न्यूज़। उप्र विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को उरई जनपद स्थित जिला परिषद के बूथ संख्या 217 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर की जीत का पुरजोर दावा किया और कहा कि पार्टी इस चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज करेगी।

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन चुनावों से चुने जाने वाले प्रतिनिधि विधान परिषद में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और स्नातकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाते हैं। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाता जागरूक हैं और वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर योग्य प्रत्याशी का चयन करेंगे।

स्वतंत्र देव सिंह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर जनता भाजपा को समर्थन देगी और प्रदेश की सभी 11 विधान परिषद सीटों पर पार्टी को जीत मिलेगी।

मतदान केंद्र पर भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, पूर्व मंत्री संजीव उपाध्याय, दिलीप दुबे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री के मतदान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

गौरतलब है कि जालौन जिले में इस चुनाव के लिए 20,999 स्नातक मतदाता पंजीकृत हैं। जिले के 24 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 33 मतदान स्थलों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान संपन्न हुआ।

प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया। मतगणना के बाद ही परिणाम स्पष्ट होगा, लेकिन भाजपा नेताओं ने अपने प्रत्याशी की जीत पर पूरा भरोसा जताया है।