आस्था और श्रद्धा के महासागर में डूबी रामनगरी अयोध्या, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व

आस्था और श्रद्धा के महासागर में डूबी रामनगरी अयोध्या, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा के साथ धूमधाम से मनाया गया। भोर से ही हजारों श्रद्धालु पवित्र सरयू नदी के घाटों पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर स्नान-दान किया।

सरयू तट पर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने श्रीराम जन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, कनक भवन सहित विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में दर्शन-पूजन कर गुरुजनों का आशीर्वाद लिया।

मठों और आश्रमों में भजन-कीर्तन, सत्संग, हवन तथा धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।  शिष्यों ने अपने गुरुजनों का पूजन कर पुष्प, फल, वस्त्र और दक्षिणा अर्पित की। संत-महात्माओं ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य को ज्ञान, सत्य और मोक्ष का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने बताया कि इस दिन स्नान, दान, जप-तप और गुरु सेवा का विशेष महत्व है तथा महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी गुरु पूर्णिमा मनाई जाती है।

पूरे दिन अयोध्या की धर्मनगरी भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास में सराबोर रही। श्रद्धालुओं ने गुरु कृपा और भगवान श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।