संभल: सपा विधायक के बेटे के मॉल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, फायर सुरक्षा व्यवस्था में मिली गंभीर लापरवाही
उप्र के संभल जनपद में समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद के बेटे के सिटी मार्ट मॉल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान फायर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही उजागर हुई।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद के बेटे के सिटी मार्ट मॉल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान फायर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही उजागर हुई।
जांच में एक्सपायर फायर सिलेंडर, बंद इमरजेंसी एग्जिट और आवश्यक दस्तावेजों की कमी मिलने के बाद प्रशासन ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरा मामला उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के संभल कस्बा का है जहां सीओ कुलदीप कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने प्रशासनिक टीम के साथ संयुक्त रूप से सिटी मार्ट मॉल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य मॉल में फायर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का सत्यापन करना था। जांच के दौरान अधिकारियों को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई।
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी खामी मॉल का इमरजेंसी एग्जिट बंद पाया जाना रहा, किसी भी आपात स्थिति में इमरजेंसी एग्जिट का खुला और सुचारु रूप से संचालित होना अनिवार्य होता है, ताकि लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
लेकिन मॉल में यह व्यवस्था पूरी तरह बाधित मिली, जो बड़ी दुर्घटना की स्थिति में गंभीर खतरा पैदा कर सकती थी, जांच के दौरान मॉल में लगे फायर एक्सटिंग्विशर "अग्निशामक यंत्र" भी वर्ष 2024 में ही एक्सपायर पाए गए, यानी सुरक्षा उपकरण समय पर रिफिल या अपडेट नहीं कराए गए थे।
अधिकारियों ने इसे फायर सेफ्टी नियमों का गंभीर उल्लंघन माना। इसके अलावा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने मॉल प्रबंधन से भवन का स्वीकृत नक्शा, फायर एनओसी और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे।
हालांकि, मॉल प्रबंधन मौके पर कई जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अधिकारियों ने संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और दस्तावेजों की वैधता की भी जांच की जा रही है, प्रशासन का कहना है कि निरीक्षण के दौरान मिली सभी खामियों को जांच रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
यह रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि फायर सुरक्षा मानकों और भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
संभल के सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि सीओ के साथ उन्होंने शहर में भ्रमण कर सीमार्ट और सिटी मार्ट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सीमार्ट में इमरजेंसी एग्जिट तो मिला, लेकिन वह बंद पाया गया। वहीं, वहां मौजूद फायर सिलेंडर वर्ष 2024 में ही एक्सपायर हो चुके थे।
उन्होंने बताया कि सिटी मार्ट में भी अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। वहां फायर सुरक्षा की व्यवस्था बेहद अपर्याप्त पाई गई। इसके अलावा, संचालक भवन का स्वीकृत नक्शा भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
अब यह जांच की जाएगी कि भवन स्वीकृत नक्शे के अनुरूप बना है या नहीं। साथ ही, उनसे सभी आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए हैं, पर अभी तक पूर्ण दस्तावेज नहीं दिखा पाए है, दस्तावेज देखने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


