शाहजहांपुर के बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक हुए फेल, बड़ा हादसा होते-होते टला
उप्र के शाहजहांपुर जनपद के बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर सियाराम पेट्रोल पंप के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक फेल हो गए।
शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर सियाराम पेट्रोल पंप के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। ट्रक अनियंत्रित होकर हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल से जा टकराया।
खास बात यह रही कि घटनास्थल के ठीक सामने शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मेला लगा हुआ था, जहां हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि ट्रक चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
परशुरामपुरी क्षेत्र के बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर सियाराम पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक संख्या UP 26 AT 8144 पंजाब से पाइप लेकर परशुरामपुरी क्षेत्र में आया था। पाइप उतारने के बाद ट्रक बीसलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और ट्रक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ने लगा।
हालात की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को हाईवे किनारे खाली जगह की ओर मोड़ दिया। इस दौरान ट्रक 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के पोल से जा टकराया।
सबसे चिंताजनक बात यह थी कि घटनास्थल के ठीक सामने शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मेला लगा हुआ था। मेले में नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। ऐसे में यदि ट्रक मेले की ओर चला जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही परशुरामपुरी-जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बंद कराई, ताकि किसी अनहोनी की आशंका को टाला जा सके।
ट्रक चालक की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से मेले में मौजूद लोगों के बीच संभावित बड़े हादसे का खतरा टल गया।
फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच की अहमियत को सामने ला दिया है। त्योहारों और मेलों के दौरान सड़कों पर बढ़ती भीड़ के बीच वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।



