प्रेम प्रसंग में प्रेमी–युगल ने दी जान, क्षेत्र में मचा हड़कंप
दोनों एक ही समुदाय से थे और लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। युवती का ननिहाल भी युवक के गांव में था, जहां वह पहले पढ़ाई करती थी। करीब दो वर्ष पहले वह बेनीगंज में रहने लगी थी। परिवारों के बीच की दूरी महज सात किलोमीटर थी, लेकिन संबंधों को लेकर दोनों परिवारों की सहमति नहीं बन सकी।
हरदोई/जनमत न्यूज़। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने जहर खाकर अपनी जीवन-लीला समाप्त कर ली। पहले युवती ने जहरीला पदार्थ खाया, जिसकी जानकारी मिलते ही युवक ने भी आत्महत्या का कदम उठा लिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला अशरफ़ टोला निवासी 18 वर्षीय युवती ने बुधवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इसकी खबर प्रेमी अनूप कुमार (21 वर्ष), निवासी मढ़िया को लगी तो वह अलीपुर रोड स्थित एक बाग में गया और वहीं जहर खा लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही समुदाय से थे और लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। युवती का ननिहाल भी युवक के गांव में था, जहां वह पहले पढ़ाई करती थी। करीब दो वर्ष पहले वह बेनीगंज में रहने लगी थी। परिवारों के बीच की दूरी महज सात किलोमीटर थी, लेकिन संबंधों को लेकर दोनों परिवारों की सहमति नहीं बन सकी।
सीओ अजीत चौहान ने बताया कि थाने पर सूचना मिली कि युवती ने विषैला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो जानकारी मिली कि युवक ने भी जहर खाया है। खोजबीन में युवक का शव नजदीकी बाग में मिला। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग की पुष्टि हुई है। पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।


