नियम विरुद्ध वाहन संचालन पर ARTO का एक्शन, 50 से अधिक वाहन चालकों पर गिरी गाज़, 2.80 लाख का जुर्माना

प्रवर्तन टीम ने 48 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों पर कार्रवाई करते हुए नियम उल्लंघन के मामलों में चालान काटे, जबकि 7 ट्रांसपोर्ट व्हीकल को जांच के दायरे में लाया गया।

नियम विरुद्ध वाहन संचालन पर ARTO का एक्शन, 50 से अधिक वाहन चालकों पर गिरी गाज़, 2.80 लाख का जुर्माना
REPORTED BY - ARUN BAJPAI, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

औरैया/जनमत न्यूज़। जनपद औरैया में परिवहन विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई ने नियम विरुद्ध तरीके से वाहन चलाने वाले वाहन स्वामियों में हड़कंप मचा दिया है। ARTO औरैया एन.सी.शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 50 से अधिक वाहनों को दबोचा गया।

प्रवर्तन टीम ने 48 नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों पर कार्रवाई करते हुए नियम उल्लंघन के मामलों में चालान काटे, जबकि 7 ट्रांसपोर्ट व्हीकल को जांच के दायरे में लाया गया। इनमें से 6 ट्रांसपोर्ट वाहनों का चालान किया गया और एक वाहन को सदर कोतवाली क्षेत्र की देवकली चौकी में निरूद्ध कर दिया गया।

विभिन्न स्थानों पर की गई इस अभियाननुमा कार्रवाई के दौरान कुल 2,80,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। ARTO शर्मा ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वाहन स्वामियों में इस सख्ती के बाद से दहशत का माहौल है और कई लोग अपने दस्तावेज़ व संचालन व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए हैं।