सहारनपुर: महिला अस्पताल से नवजात चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 48 घंटे बाद मां के चेहरे पर लौटी मुस्कान
उप्र के सहारनपुर जनपद के जिला महिला अस्पताल से चोरी हुआ नवजात शिशु पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने नवजात को कथित आरोपी महिला के कब्जे से बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के जिला महिला अस्पताल से चोरी हुआ नवजात शिशु पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने नवजात को कथित आरोपी महिला के कब्जे से बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, नवजात को टीका लगवाने के बहाने स्टाफ की ड्रेस पहने एक महिला ने उसके पिता से अपनी गोद में लिया था। इसके बाद महिला ने टीके का कार्ड लाने के बहाने पिता को वहां से भेज दिया।
पिता जब वापस लौटा तो महिला नवजात को लेकर अस्पताल से फरार हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दी। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान करते हुए कार्रवाई की और नवजात को सकुशल बरामद कर लिया।
नवजात के वापस मिलने की खबर जैसे ही परिवार को मिली, परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खोया बच्चा वापस मिलने पर मां के चेहरे पर भी 48 घंटे बाद मुस्कान लौट आई। परिजनों ने नवजात की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रयासों की सराहना की है।



