बलरामपुर में नाबालिग से दुष्कर्म: खेत जाते समय गन्ने में खींचा, हसिया से हमला; आरोपी गिरफ्तार
उप्र के बलरामपुर के थाना गौरा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में काम करने जा रही एक नाबालिग लड़की के साथ 35 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/ जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना गौरा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में काम करने जा रही एक नाबालिग लड़की के साथ 35 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने कारवाही करते हुए आरोपी को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आज पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। हालांकि, पुलिस वाहन से भागने की कोशिश में आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग पीड़िता अपने खेत में काम करने जा रही थी। रास्ते में पहले से मौजूद आरोपी युवक ने मौका पाकर उसे जबरन पकड़ लिया और पास के गन्ने के खेत में खींच ले गया। आरोप है कि आरोपी ने लड़की के कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने हसिया की नोक से उसके शरीर पर कई जगह चोटें पहुंचाईं। किसी तरह नाबालिग वहां से बचकर बाहर आई और घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना गौरा पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसी दिन देर शाम आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच भी शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही थी।
मंगलवार रात करीब 11 बजे अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने मीडिया को बयान जारी कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मामला थाना गौरा चौराहा क्षेत्र का है।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन पुलिस वाहन में ले जाते समय उसने चलती गाड़ी से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिससे उसे चोटें आईं।
फिलहाल आरोपी को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा कि इलाज पूरा होने के बाद आरोपी को न्यायालय के बाद जेल भेज दिया गया है।

Janmat News 
