प्रतापगढ़: पुलिस पर जानलेवा हमला और सड़क जाम करना पड़ा महंगा, 23 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
प्रतापगढ़ जनपद में पुलिस पर जानलेवा हमला और सड़क पर शव रख जाम लगाना परिजनों और ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। इस संबंध में पुलिस ने 23 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में पुलिस पर जानलेवा हमला और सड़क पर शव रख जाम लगाना परिजनों और ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। इस संबंध में पुलिस ने 23 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार लोगों में 14 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं, सभी को मानिकपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 23 डंडा, दो लोहे की सरिया ,एक सरकारी मोबाइल बरामद किया है।
आपको बताते चलें कि मानिकपुर थाना क्षेत्र के साहूमऊ के रहने वाले सूरज श्रीवास्तव की जहरीला पदार्थ खाने से संदिग्ध दशा में मौत हो गई थी। परिजनों ने प्रधान पति सहित तीन लोगों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया था।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने शव को लेकर सड़क पर चक्का जाम करने की कोशिश किया तो पुलिस रोकने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर ईट पत्थरों से जानलेवा हमला किया पुलिस टीम के साथ मारपीट किया। महिला सिपाही का मोबाइल भी छिना गया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।
कल देर शाम किसी तरीके से समझा बुझाकर पुलिस ने सूरज के शव का अंतिम संस्कार कराया। इसके बाद पुलिस ने 25 नामजद और 30 अज्ञात पर जानलेवा हमला,मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद पुलिस ने 23 लोगों को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया।

Janmat News 
