अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अयोध्या में भव्य आयोजन, राम की पैड़ी बनी योग स्थल
रामनगरी अयोध्या में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम सरयू तट पर स्थित राम की पैड़ी पर संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि और अधिकारी एकत्र होकर योगाभ्यास में सम्मिलित हुए।

अयोध्या/जनमत न्यूज। रामनगरी अयोध्या में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम सरयू तट पर स्थित राम की पैड़ी पर संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि और अधिकारी एकत्र होकर योगाभ्यास में सम्मिलित हुए। इसके अतिरिक्त, गुलाबबाड़ी, सभी तहसील व ब्लॉक मुख्यालय, ग्राम पंचायत कार्यालय और मंडल कारागार सहित जिले के कई स्थानों पर भी योग सत्र आयोजित किए गए। मंडल कारागार में बंदियों ने भी योगाभ्यास कर इस आयोजन में सहभागिता दिखाई।
इस वर्ष 2025 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ" रही, जिसका उद्देश्य एक पृथ्वी और एक स्वास्थ्य के लिए योग की भूमिका को रेखांकित करना था।
मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं नोडल अधिकारी अनिल गर्ग, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योगाभ्यास किया।
मंडल व जिला प्रशासन की ओर से कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
योग दिवस पर हुए इन आयोजनों ने योग के सार्वभौमिक संदेश और इसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।