कांग्रेस क्यों नहीं जीतती है चुनाव, अहमद पटेल की बेटी मुमताज ने गिनाए 3 बड़े कारण

बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद कांग्रेस के परफॉर्मेंस पर पार्टी के ही लोग सवाल उठा रहे हैं। दिल्ली में बैठी राहुल गांधी की कोर टीम भी पार्टी नेताओं के निशाने पर है।

कांग्रेस क्यों नहीं जीतती है चुनाव, अहमद पटेल की बेटी मुमताज ने गिनाए 3 बड़े कारण
Published By- Diwaker Mishra

अहमदाबाद/जनमत न्यूज़। बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद कांग्रेस के परफॉर्मेंस पर पार्टी के ही लोग सवाल उठा रहे हैं। दिल्ली में बैठी राहुल गांधी की कोर टीम भी पार्टी नेताओं के निशाने पर है। अब दिवंगत कांग्रेसी नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने सीधे तौर पर राहुल गांधी के सलाहकारों का नाम तो नहीं लिया, मगर सवाल उठाया कि कांग्रेस पार्टी देश में 20 पर्सेंट वोट शेयर होने के बाद भी बार-बार चुनाव क्यों हार रही है।

गौरतलब है कि एक समय में अहमद पटेल सोनिया गांधी के काफी करीबी माने जाते थे। UPA सरकार के दस सालों के कार्यकाल (2004 से 2014) में अहमद पटेल सोनिया गांधी के सबसे विश्वासपात्र व्यक्ति कहे जाते थे।

मुमताज ने कहा कि पार्टी कुछ लोगों के हाथ में केंद्रित हो गई है, जिसे आज के हालात को देखते हुए बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ऐसे लोग हैं, जो जमीनी हकीकत से दूर हैं। उनकी वजह से पार्टी को हार का सामना करना पड़ रहा है।

1. जमीन से कटे नेता हार के लिए जिम्मेदार

मुमताज पटेल ने एक इंटरव्यू में कहा कि आज हम उस तरह से काम नहीं कर सकते जैसे 20-30 साल पहले करते थे। हम एक अलग विरोधियों का सामना कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बिहार में हार के लिए बहाना बनाने और दोषारोपण से बचने की चेतावनी थी। साथ ही आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दे दी।

उन्होंने लिखा कि सुख-दुख में पार्टी के साथ रहने वाले अनगिनत वफादार जमीनी कार्यकर्ता कब तक सफलता देखने का इंतजार करेंगे? उन्होंने लिखा कि जमीनी हालात से कटे कुछ लोग कांग्रेस की बर्बादी और बार-बार हार के लिए जिम्मेदार हैं। मगर ऐसे लोगों को बार-बार पुरस्कृत किया जा रहा है।

2. गलत सलाहकारों से घिरे हैं राहुल गांधी

अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने इंटरव्यू में कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी के सलाह कौन दे रहा है, यह नहीं पता मगर पार्टी चुनाव नहीं जीत रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपनी रणनीति बदलनी होगी। कांग्रेस को भी खुद को बदलना होगा ताकि वह इस नए सिस्टम से मुकाबला कर सके।

मुमताज पटेल ने अपने पिता अहमद पटेल के समय को याद किया, जब कांग्रेस चुनाव जीत रही थी और एक मजबूत सरकार चला रही थी। उन्होंने कहा कि उस समय गठबंधन भी मजबूत थे और सभी दलों में आपसी सम्मान था। आज की स्थिति बिल्कुल विपरीत है।

3. पुराने फंडे से कर रहे हैं मोदी का मुकाबला

उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि कांग्रेस देश भर में एक मजबूत आधार वाली पार्टी होने के बावजूद, जिस तरह से आगे बढ़ रही है, वह समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के पास देश भर में फैला हुआ वोट बैंक है। इस वोट बैंक का फायदा उठाने के लिए पार्टी को अपनी कार्यशैली में बदलाव लाना होगा। उन्होंने साफ किया कि पार्टी में बड़े बदलाव की जरूरत है। बता दें कि बिहार चुनाव में इंडिया गठबंधन को सिर्फ 35 सीटें मिली हैं। कांग्रेस की सीटें 19 से घटकर 6 पर पहुंच गई है।