उरई: आपसी खींचतान से 2027 में भाजपा की राह आसान नहीं, सामाजिक पकड़ पड़ रही ढीली
उरई जनपद में भाजपा के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव सबसे बड़ी परीक्षा होने जा रहा है। पार्टी 2017 में प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई थी, लेकिन 2022 में सत्ता में रहते हुए उसका जनाधार कमजोर हुआ।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उरई जनपद में भाजपा के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव सबसे बड़ी परीक्षा होने जा रहा है। पार्टी 2017 में प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई थी, लेकिन 2022 में सत्ता में रहते हुए उसका जनाधार कमजोर हुआ।
2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा गठबंधन से अधिक सीटें जीतीं। इसके बाद 2026 के विधान परिषद चुनाव में स्नातक और शिक्षक दोनों खंडों में सपा ने बेहतर प्रदर्शन कर भाजपा को पीछे छोड़ा। ये संकेत साफ हैं कि सत्ता में रहते हुए भाजपा की सामाजिक पकड़ ढीली पड़ रही है।
पार्टी की असली चुनौती बाहरी विरोध से अधिक अंदरूनी गुटबाजी है। जिले से लेकर प्रदेश तक नेताओं में एक-दूसरे को काटने की होड़ लगातार तेज है। मंगलवार को एक शादी समारोह में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री कमल ही होगा, लेकिन योगी आदित्यनाथ का नाम लेने से वे बचत रहे।
उन्होंने यह भी साफ किया कि चुनाव भाजपा लड़ेगी और चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, यह हाईकमान तय करेगा। यह बयान अपने आप में पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की पूरी कहानी कह देता है।
जिले की राजनीति इस गुटबाजी का सबसे ताजा उदाहरण है। उप मुख्यमंत्री के लखनऊ रवाना होते समय चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत उनके साथ गए, जबकि जिले के तीनों विधायक टकटकी लगाए देखते रहे।
ये तीनों विधायक जलशक्ति मंत्री के करीब माने जाते हैं और उप मुख्यमंत्री को ये स्वीकार नहीं । जिला स्तर पर यही गुटबाजी लोकसभा और विधान परिषद चुनावों में खुलकर दिखी।
टिकट की दावेदारी ने भी सियासी तापमान बढ़ा दिया है। झलकारी बाई की जयंती में मुख्य अतिथि रहे जलशक्ति मंत्री ने संकेत दिए कि वे माधौगढ़ से चुनाव लड़ सकते हैं। इसका मतलब है कि दो बार के विधायक मूलचंद निरंजन का टिकट कट सकता है।
वहीं उरई की सुरक्षित सीट से दो बार के विधायक गौरी शंकर वर्मा के सामने जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी ने भव्य कार्यक्रम कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। बुंदेलखंड में उम्मीदवार चयन की जिम्मेदारी जिन्हें दी गई, उन्हीं को मुख्य अतिथि बनाकर टिकट के प्रबल दावेदार के रूप में अपने को पेश किया।
कालपी सीट भी भाजपा के लिए पेचीदा बनी हुई है। 2022 में यह सीट निषाद पार्टी के खाते में गई थी, इसलिए भाजपा अपना उम्मीदवार नहीं दे सकी थी लेकिन इस बार हाईकमान कालपी सीट निषाद पार्टी को देने के मूड में नहीं है, क्योंकि 2022 में यहां सपा ने जीत दर्ज की थी और जीते हुए विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उनके लिए यह सीट भाजपा ले सकती है ।
साफ है कि 2027 भाजपा के लिए बेहद जटिल है, जबकि सपा के लिए यह करो या मरो का चुनाव है। भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन अगर उसने चुनाव से पहले जिले स्तर के गुटों को नहीं संभाला, तो 2027 में नैया पार लगाना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन होगा।



