बलरामपुर में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC के लिए मतदान की सभी तैयारी पूरी, 982 मतदाता करेंगे वोटिंग

उप्र के बलरामपुर जनपद के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि गोरखपुर–फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC के लिए कल 23 अक्टूबर को जनपद में मतदान संपन्न कराया जाएगा।

बलरामपुर में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC के लिए मतदान की सभी तैयारी पूरी, 982 मतदाता करेंगे वोटिंग
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट 

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि गोरखपुर–फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के MLC के लिए कल 23 अक्टूबर को जनपद में मतदान संपन्न कराया जाएगा।

मतदान के लिए जनपद में कुल 10 मतदान बूथ बनाए गए हैं। नगर क्षेत्र में एमपीपी इंटर कॉलेज में दो मतदान बूथ तथा तुलसीपुर में स्वतंत्र इंटर कॉलेज में एक मतदान बूथ स्थापित किया गया है। शेष सात मतदान बूथ जनपद के सभी विकासखंडों के सभागारों में बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि शिक्षक निर्वाचन में जनपद के कुल 982 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 839 पुरुष एवं 143 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण भी पूरा करा दिया गया है और सभी मतदान कार्मिक निर्वाचन कार्य के लिए तैयार हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शिक्षक निर्वाचन में मतदान मतपत्र एवं मतपेटिका के माध्यम से कराया जाएगा। आज कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियों की रवानगी की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

पोलिंग पार्टियों को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस अभिरक्षा के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। पोलिंग पार्टियां रात्रि में अपने-अपने मतदान केंद्रों पर रुकेंगी और मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटिकाओं के साथ कलेक्ट्रेट लौटेंगी।

उन्होंने बताया कि मतदान के बाद मतपेटिकाओं को गोरखपुर भेजा जाएगा। मतपेटिकाएं जमा कराने के लिए जिलाधिकारी न्यायालय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।