औरैया: दिबियापुर बस स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी मंत्री, जल्द संचालन का दिया आश्वासन
उप्र के औरैया जनपद के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर 'गुरु' ने शुक्रवार को दिबियापुर स्थित नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन का निरीक्षण किया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
दिबियापुर/औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर 'गुरु' ने शुक्रवार को दिबियापुर स्थित नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बस स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों से निर्माण कार्य एवं संचालन की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने पाया कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया रोडवेज बस स्टेशन लंबे समय से संचालन की प्रतीक्षा कर रहा है। भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद अब तक यहां से नियमित बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि बस स्टेशन का निर्माण हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन संचालन शुरू न होने के कारण लोगों को अन्य स्थानों से बसें पकड़नी पड़ती हैं।
प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर 'गुरु' ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टेशन के संचालन में आ रही सभी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर दिबियापुर रोडवेज बस स्टेशन का जल्द से जल्द नियमित संचालन शुरू कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर सड़क एवं परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है और दिबियापुर बस स्टेशन का संचालन भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बस स्टेशन शुरू होने से दिबियापुर सहित आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को कानपुर, इटावा, औरैया, लखनऊ, आगरा एवं अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी और सुगम बस सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संबंधित विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने प्रभारी मंत्री के समक्ष बस स्टेशन को शीघ्र चालू कराने की मांग दोहराई, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि प्रभारी मंत्री के आश्वासन के बाद वर्षों से लंबित दिबियापुर रोडवेज बस स्टेशन का संचालन अब जल्द शुरू होगा और क्षेत्रवासियों को आधुनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिल सकेगा।


