बलरामपुर में सीएम योगी का दो दिवसीय दौरा, करेंगे विश्वविद्यालय-मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण व समीक्षा बैठक

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 11 और 12 मार्च को बलरामपुर जिले केदौरे पर रहेंगे, जिसको लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

बलरामपुर में सीएम योगी का दो दिवसीय दौरा, करेंगे विश्वविद्यालय-मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण व समीक्षा बैठक
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 11 और 12 मार्च को बलरामपुर जिले केदौरे पर रहेंगे, जिसको लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बुधवार 11 मार्च को दोपहर 3:45 बजे मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय परिसर पहुंचेंगे। यहां वह 3:45 से 4:00 बजे तक निर्माणाधीन विश्वविद्यालय भवन का निरीक्षण करेंगे और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री 4:05 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संयुक्त चिकित्सालय पहुंचेंगे। यहां 4:05 से 4:20 बजे तक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सीय सुविधाओं और अधोसंरचना की स्थिति का भी जायजा लिए जाने की संभावना है।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री 4:25 बजे कलेक्ट्रेट प्रांगण पहुंचेंगे, जहां 4:30 से 5:20 बजे तक विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

बैठक में जिले में चल रही प्रमुख योजनाओं, निर्माण कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को पहले से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री 5:20 बजे कलेक्ट्रेट से प्रस्थान कर 5:30 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 5:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से रवाना होकर 5:45 बजे तुलसीपुर पहुंचेंगे।

इसके बाद 5:50 बजे कार से रवाना होकर 5:55 बजे तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवी पाटन मंदिर पहुंचेंगे, जहां वह दर्शन-पूजन करेंगे और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा ले सकते हैं। आगामी नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम 12 मार्च को भी प्रस्तावित है। अगले दिन सुबह 9:30 बजे वह देवीपाटन मंदिर से कार द्वारा हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 9:35 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।