चंदौली: युवक पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, थाने में सुनवाई न होने पर एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता
उप्र के चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। थाने में शिकायत पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। थाने में शिकायत पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, यह घटना 7 अप्रैल की रात की है। वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने उसे जबरन पकड़ लिया। पानी टंकी के पास एक घेराबंदी वाले स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से उसने तुरंत किसी को जानकारी नहीं दी।
महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद जब वह अपने मायके जा रही थी, तब आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर दोबारा दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उसने अलीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
थाने में कार्रवाई न होने के बाद पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची। उसने आरोपी रामबाबू सोनकर के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने यह भी कहा कि यदि उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होगी।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Janmat News 
