एटा: प्रेम विवाह के विरोध में बुलाई पंचायत में जीजा-साले पर चाकू से हमला; एक की मौत, एक घायल

एटा जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मानपुर गांव स्थित कांशीराम कॉलोनी में प्रेम विवाह के विरोध में बुलाई गई एक पंचायत में चाकू से हमला किया गया।

एटा: प्रेम विवाह के विरोध में बुलाई पंचायत में जीजा-साले पर चाकू से हमला; एक की मौत, एक घायल
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मानपुर गांव स्थित कांशीराम कॉलोनी में प्रेम विवाह के विरोध में बुलाई गई एक पंचायत में चाकू से हमला किया गया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी अर्जुन ने गौरी नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। इसी विवाह के विरोध में आज दोपहर लड़की के पिता रामू ने कॉलोनी में एक पंचायत बुलाई थी।

पंचायत में युवती के पति अर्जुन के भाई सुरजीत और जीजा साहिबा मौजूद थे। आरोप है कि रामू ने पहले से ही कुछ हमलावरों को बुला रखा था, जिन्होंने जीजा और साले पर धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

खून से लथपथ दोनों घायलों, 27 वर्षीय साहिबा पुत्र राजा सिंह और 25 वर्षीय सुरजीत पुत्र साहब सिंह को परिजन एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद साहिबा को मृत घोषित कर दिया।

सुरजीत का उपचार जारी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों परिजन अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।

हंगामा बढ़ता देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने साहिबा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

बता दें कि साहिबा के साले अर्जुन ने कॉलोनी की ही रहने वाली गौरी से भागकर शादी की थी। पुलिस ने युवती को बरामद कर कोर्ट के समक्ष पेश किया था, जहां युवती ने अपने प्रेमी के पक्ष में बयान दिया। चूंकि दोनों बालिग थे, न्यायालय ने उन्हें स्वेच्छा से साथ रहने की अनुमति दे दी थी।

लड़की के पिता रामू पर आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लगातार तीन बार चाकू से हमला किया, जिससे साहिबा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र अधिकारी सिटी राजेश कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता से जांच के आदेश दिए।

मृतक के भाई ने जानकारी देते हुए बताया लड़की का विवाद है। लड़की-लड़के ने भाग कर शादी की है। लड़की के बाप ने शादी करवा दी थी। लड़के के साथ मारपीट की जा रही थी, कल भी लड़ाई हुई थी। कल भी फोन करके बाहर से कुछ हमलावर बुलाए थे। मेरे भाई को चाकुओं से भोंक भोंक कर मारा है। मेरे भाई की मौत हुई है। पुलिस से शिकायत की थी।