खागा में मशरूम फार्म में संदिग्ध आगजनी, लाखों का नुकसान, सो रहे लोगों ने भागकर बचाई जान
आग की चपेट में आकर मशरूम की पूरी फसल, उत्पादन से जुड़ा सेटअप और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित शहनवाज के अनुसार इस अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद के खागा क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मशरूम फार्म में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का मशरूम कारोबार जलकर राख हो गया। इस भीषण अग्निकांड में फार्म के भीतर सो रहे लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मशरूम फार्म के संचालक शहनवाज अपने वर्करों के साथ फार्म परिसर में ही सो रहे थे। देर रात करीब 3:30 बजे अचानक उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि पूरा फार्म आग की लपटों में घिरा हुआ है। चारों ओर आग फैलने से अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए सभी लोग बाहर की ओर भागे। इस दौरान कुछ लोग मामूली रूप से झुलस भी गए, हालांकि किसी की जान जाने की सूचना नहीं है।
आग की चपेट में आकर मशरूम की पूरी फसल, उत्पादन से जुड़ा सेटअप और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित शहनवाज के अनुसार इस अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी ने रंजिश के चलते जानबूझकर फार्म में आग लगाई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने थाने में लिखित तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Janmat News 
