हरदोई में सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज, सुभासपा चीफ पर की थी अभद्र टिप्पणी
उप्र के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी की कद्दावर नेत्री और महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में समाजवादी पार्टी की कद्दावर नेत्री और महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह एफआईआर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी की तहरीर पर कोतवाली शहर में की गई है। सीमा राजभर पर सुभासपा के शीर्ष नेतृत्व के चरित्र हनन और आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप है।
दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप है कि सीमा राजभर ने सोशल मीडिया और मीडिया बयानों के जरिए यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री व सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं और उनके परिवारों के खिलाफ अश्लील, अपमानजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं।
तहरीर के मुताबिक, 20 जुलाई को फेसबुक पर एक सोची-समझी साजिश के तहत पोस्ट शेयर कर सुभासपा नेताओं की सामाजिक और राजनीतिक छवि को गहरी ठेस पहुंचाई गई।आरोप है कि इससे पहले भी 12 मई, 6 जून और 15 जुलाई 2026 को अलग-अलग प्लेटफार्मों पर ऐसे ही आपत्तिजनक बयान दिए गए थे।
सुभासपा प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी ने पुलिस को इन सभी विवादित बयानों और पोस्ट के वीडियो व स्क्रीनशॉट साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।




