अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, उड़ीसा के चार तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ एसटीएफ और रायबरेली पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह उड़ीसा से उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था।

अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, उड़ीसा के चार तस्कर गिरफ्तार
REPORTED BY - MAHATAB KHAN, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

लखनऊ एसटीएफ और रायबरेली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 101 किलो गांजा बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये

रायबरेली/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। लखनऊ एसटीएफ और रायबरेली पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह उड़ीसा से उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था।

गिरफ्तार किए गए चारों तस्कर उड़ीसा राज्य के रहने वाले हैं। इनकी पहचान किशोर कुमार मेहर, कम्पल बगरती, तुसार महापात्रा, मानस महापात्रा के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 101 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से उड़ीसा से उत्तर भारत के कई राज्यों में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। तस्करी का यह रूट उड़ीसा से होते हुए उत्तर प्रदेश और फिर दूसरे राज्यों तक फैला हुआ था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी भी मिली है, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ थाना गुरुबक्शगंज में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा इसे गंभीर संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता बताया गया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की समन्वित कार्रवाई से एक बड़े तस्कर गिरोह की कमर तोड़ी गई है।