मुज़फ्फरनगर में परीक्षा केन्द्रों पर कड़ा पहरा, एएसपी सिटी ने संभाली कमान

यूपी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मुज़फ्फरनगर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई।

मुज़फ्फरनगर में परीक्षा केन्द्रों पर कड़ा पहरा, एएसपी सिटी ने संभाली कमान
Published By- Diwaker Mishra

मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। यूपी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मुज़फ्फरनगर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई।

इसी क्रम में मुज़फ्फरनगर के सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा ने शहर के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एएसपी सिटी ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या संदिग्ध गतिविधि को कतई बर्दाश्त न किया जाए।

उन्होंने केन्द्रों के मुख्य द्वार, प्रवेश-निकास मार्ग, सीसीटीवी निगरानी, परीक्षार्थियों की चेकिंग व्यवस्था और महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ी है, इसलिए इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस व प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के चलते सभी परीक्षा केन्द्रों पर शांति, अनुशासन और सुरक्षा का माहौल बना रहा। परीक्षार्थियों ने भी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए राहत की सांस ली।