लोहंदा कांड पर सियासी घमासान तेज, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल हाउस अरेस्ट

कौशाम्बी के बहुचर्चित लोहंदा कांड को लेकर प्रदेश का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को प्रयागराज स्थित पार्टी कार्यालय में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।

लोहंदा कांड पर सियासी घमासान तेज, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल हाउस अरेस्ट
REPORTED BY - RAHUL BHATT, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कौशाम्बी/प्रयागराज/जनमत न्यूज। कौशाम्बी के बहुचर्चित लोहंदा कांड को लेकर प्रदेश का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को प्रयागराज स्थित पार्टी कार्यालय में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। उनके साथ जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव को भी नज़रबंद किया गया है। बताया जा रहा है कि वे पीड़िता के परिजनों से मिलने के लिए जा रहे थे।
कौशाम्बी, प्रयागराज और प्रतापगढ़ की सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोहंदा गांव, जो कि सैनी कोतवाली क्षेत्र में स्थित है, वहां धारा 144 लागू कर दी गई है ताकि कोई भी अप्रिय स्थिति न बन सके।
बतादें कि बिगत 28 मई को एक 8 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा था। आरोपी सिद्धार्थ तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 4 जून को आरोपी के पिता रामबाबू तिवारी ने खुद को निर्दोष सिद्ध करने के प्रयास में ज़हर खा लिया और उनकी मौत हो गई। सुसाइड नोट में रामबाबू ने अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए ग्राम प्रधान भूप नारायण पाल, उसके भाई व सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराया था।
घटना ने राजनीतिक मोड़ तब लिया जब समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात का एलान किया। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की बजाय नज़रबंद कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोहंदा गांव और आस-पास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। संभावित राजनीतिक दौरे और प्रदर्शन को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।