यूपी में हीटवेव और आंधी-तूफान से तबाही, तीन की मौत
देशभर में बांदा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 45.4, कानपुर में 45.2, वाराणसी में 45 और हमीरपुर में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया...
लखनऊ/जनमत: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम ने अलग-अलग रूपों में कहर बरपाया। कहीं झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया तो कहीं आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। प्रदेश के 12 शहरों में प्रचंड गर्मी दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा ने थोड़ी राहत दी।
बांदा बना सबसे गर्म शहर
देशभर में बांदा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 45.4, कानपुर में 45.2, वाराणसी में 45 और हमीरपुर में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राजधानी लखनऊ में भी पारा 40.1 डिग्री पर पहुंचा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है।
बलरामपुर में किशोरी की मौत, कुशीनगर में दो जानें गईं
बलरामपुर में बिजली गिरने से 13 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। कुशीनगर में शाम को तेज आंधी और ओलावृष्टि के दौरान एक महिला की बिजली गिरने से जान चली गई, जबकि एक साइकिल सवार आंधी में पेड़ की डाल गिरने से मारा गया।
बहराइच-श्रावस्ती में भारी नुकसान
श्रावस्ती में आंधी के दौरान पेड़ की डाल गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बहराइच में तूफान जैसे हालात में बिजली के खंभे और पेड़ गिर गए, जिससे आधे जिले में बिजली सप्लाई ठप हो गई।
ब्रज और गोरखपुर क्षेत्र में भी असर
आगरा में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां अचानक हुई हल्की बारिश ने तपती गर्मी के बीच लोगों को थोड़ी राहत दी। गोरखपुर में भी हल्के बादलों के कारण तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
तेज धूल भरी आंधी ने मचाई तबाही
दोपहर करीब दो बजे प्रदेश के नेपाल सीमा से सटे इलाकों में तेज धूल भरी आंधी आई, जिससे कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ। लगभग 15 मिनट की वर्षा से कुछ इलाकों का तापमान घटा, लेकिन कई जगहों पर इसका असर तबाही की शक्ल में सामने आया।

Janmat News 
