दिबियापुर पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की उठाई मांग
ज्योतिषपीठाधीश्वर एवं द्वारका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय गविष्ठी यात्रा बुधवार को औरैया के दिबियापुर नगर पहुंची।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
दिबियापुर(औरैया)/जनमत न्यूज़। ज्योतिषपीठाधीश्वर एवं द्वारका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय गविष्ठी यात्रा बुधवार को औरैया के दिबियापुर नगर पहुंची।
नगर आगमन पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान शंकराचार्य ने गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग दोहराते हुए गौ संरक्षण के मुद्दे पर अपने विचार रखे।
दिबियापुर पहुंचने पर शंकराचार्य सर्वप्रथम सेहुद धाम मंदिर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनका अभिनंदन किया। मंदिर परिसर में उन्होंने महंत रामप्रियदास जी महाराज बालयोगी के साथ धर्म ध्वजा (गो ध्वजा) का विधिवत पूजन किया और गौ सेवा के महत्व पर चर्चा की।
इसके बाद उनका काफिला नगर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां ब्राह्मण एकता परिषद के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान नगर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।
नगर भ्रमण के दौरान थाने के सामने स्थित सीताराम विराजमान मंदिर में कांग्रेस नेता अंशू तिवारी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शंकराचार्य का स्वागत किया। यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और कृषि व्यवस्था की आधारशिला रही है, इसलिए उसे राष्ट्रमाता का सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्होंने गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समाज और सरकार दोनों को गंभीर प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
शंकराचार्य की गविष्ठी यात्रा के नगर आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए थे और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Janmat News 
