पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 28 लाख की ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 10.50 लाख नकद बरामद

अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेज एवं जाली आधार कार्ड तैयार कर जमीन की खरीद-फरोख्त का झांसा दिया और जुलाई से नवंबर 2025 के बीच वादी से कुल 28 लाख रुपये की ठगी की।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 28 लाख की ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 10.50 लाख नकद बरामद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज। थाना शाहपुर पुलिस ने फर्जी बैनामा कराने के नाम पर 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर ठगी की रकम में से 10 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल एवं क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना श्री गजेन्द्र पाल सिंह के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष शाहपुर श्री गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेज एवं जाली आधार कार्ड तैयार कर जमीन की खरीद-फरोख्त का झांसा दिया और जुलाई से नवंबर 2025 के बीच वादी से कुल 28 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित की तहरीर पर थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसमें साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में वृद्धि की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजवीर उर्फ राजू निवासी शाहडब्बर तथा इस्लाम उर्फ मुन्नान निवासी लद्दावाला के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जमीनों के फर्जी कागजात तैयार कर लोगों से धोखाधड़ी करते थे।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त राजवीर उर्फ राजू के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

शाहपुर पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोगों ने पुलिस की तत्परता व कार्यशैली की सराहना की है।