मुजफ्फरनगर: शादी का झांसा देकर शोषण व ब्लैकमेल का आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में एक महिला ने शाबिर नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत। न्यूज़ उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में एक महिला ने शाबिर नाम के युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने निकाह का झांसा देकर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी से मुकर गया।
महिला के अनुसार, आरोपी शाबिर ने पहले उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और विश्वास दिलाया कि वह उससे निकाह करेगा। इसी भरोसे में आकर पीड़िता उसके संपर्क में रही।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने निकाह के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और अंततः साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए हैं, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है।
इतना ही नहीं, महिला का कहना है कि आरोपी और उसके परिवार के लोग उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कोतवाली थाना क्षेत्र की बहलाना चौकी इंचार्ज द्वारा की जा रही है और जांच के बाद तथ्यों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


