मुज़फ्फरनगर: जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की सख्त पड़ताल, CMO डॉ. सुनील तेवतिया ने किया औचक निरीक्षण
उप्र के मुज़फ्फरनगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।
मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुज़फ्फरनगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। आज बुधवार, 21 जनवरी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित विभिन्न इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC), ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन केंद्र और रेन बसेरा का गहन जायजा लिया।
पोषण पुनर्वास केंद्र के निरीक्षण में डॉ. तेवतिया ने कुपोषित बच्चों के उपचार, पोषण आहार की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और माताओं को दी जा रही परामर्श सेवाओं की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों के वजन, स्वास्थ्य प्रगति और फॉलो-अप पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा माताओं को नियमित रूप से पोषण संबंधी जागरूकता दी जाए, ताकि कुपोषण से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन केंद्र में उन्होंने मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था का जायजा लिया और कनेक्टिविटी व प्रक्रियाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इसके बाद रेन बसेरा का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शीतकाल को ध्यान में रखते हुए ठहरने, कंबल, स्वच्छता, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने साफ कहा कि ठंड के मौसम में यहां ठहरने वाले जरूरतमंदों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित प्रभारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सेवाएं समयबद्ध, पारदर्शी और जनहित में संचालित हों। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।


