पीएम मोदी के सामने लगेगी केंद्रीय मंत्रियों की क्लास

पीएम मोदी  के सामने लगेगी केंद्रीय  मंत्रियों की क्लास
Published By - ANKUSH PAL

देश (जनमत) :- देश की मोदी सरकार के सभी मंत्री कैबिनेट मीटिंग में प्रजेंटेशन देंगे। इस दौरान वे बताएंगे कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में उनके मंत्रालय ने किन सुधारों को लागू किया और उनके क्या असर हुए हैं। जून 2024 के बाद लागू सुधारों के बारे में मंत्री जब बता रहे होंगे तो उस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी भी सामने बैठे होंगे और वह सबकी समीक्षा करेंगे। सूत्रों का कहना है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि किसी भी बदलाव को लागू करना आसान हो जाए। ऐसी स्थिति में मंत्री खुद ही इस बात के लिए चिंतित होंगे कि जरूरी सुधारों को लागू किया जाए क्योंकि उनकी कभी भी समीक्षा हो सकती है और उनकी जवाबदेही भी तय होगी।प्रधानमंत्री कार्यालय को अब सेवातीर्थ के नाम से जाना जाता है। यहां मंगलवार को पहली बार कैबिनेट मीटिंग हुई थी और इसके तुरंत बाद ही ऐसा आदेश दिया गया।

कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन ने सभी मंत्रियों को बताया है कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि हर मंत्रालय की ओर से प्रजेंटेशन दी जाए। कैबिनेट सचिव ने बताया कि अगली कैबिनेट बैठक में सभी लोग कुछ चीजें लेकर आएं कि वे क्या प्रजेंट करेंगे। इसके बाद उनकी प्रजेंटेशन की तारीख तय की जाएगी। माना जा रहा है कि अलग-अलग कैबिनेट मीटिंग्स में मंत्रालयों की ओर से प्रजेंटेशन दी जाएगी। इसका अर्थ हुआ कि किसी एक ही दिन सारे प्रजेंटेशन नहीं होंगे।

जानकारी मिल रही है कि मंगलवार की शाम को मंत्रालयों को प्रजेंटेशन के बारे में बताया गया था। इसके बाद से ही सभी विभागों में हलचल मची है। मंत्रियों और उनके मातहत अधिकारी फिलहाल इस चीज में बिजी हैं कि आखिर किन सुधारों को प्रजेंटेशन में दिखाया जाए। खासतौर पर ऐसी चीजें निकाली जा रही हैं, जो जनता से जुड़ी रही हैं और उन बदलावों से लोगों पर सीधा असर पड़ा हो। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सभी मंत्रालयों से कहा गया है कि वे 2 मार्च तक एक सारांश भेज दें। इसमें यह जानकारी रहेगी कि किन बदलावों को लागू किया गया है और उनके क्या प्रभाव रहे हैं।