संतकबीरनगर: कल से सजेगा सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव, सभी तैयारियां पूरी; निकलेगी कलश व जनजागरण यात्रा

उप्र के संतकबीरनगर जनपद का जिला मुख्यालय खलीलाबाद कल यानी बुधवार से धर्म और अध्यात्म की अविरल धारा में सात दिनों तक सराबोर रहेगा।

संतकबीरनगर: कल से सजेगा सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव, सभी तैयारियां पूरी; निकलेगी कलश व जनजागरण यात्रा
Published By- Diwaker Mishra

संतकबीरनगर से सर्वेश भट्ट की रिपोर्ट

संतकबीरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के संतकबीरनगर जनपद का जिला मुख्यालय खलीलाबाद कल यानी बुधवार से धर्म और अध्यात्म की अविरल धारा में सात दिनों तक सराबोर रहेगा।

कल 18 नवंबर से 24 नवंबर तक जूनियर हाईस्कूल मैदान में आयोजित होने वाली संगीतमयी श्रीराम कथा अमृत महोत्सव एवं पर्यावरण संरक्षण यज्ञ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

निकाली जाएगी कलश व जनजागरण यात्रा 

श्रीराम कथा अमृत महोत्सव से पूर्व एक कलश व जनजागरण यात्रा भी निकाली जाएगी। यात्रा कथा के प्रारंभ स्थल जूनियर हाई स्कूल से निकलकर पुरानी सब्जी मंडी, बरदइया दुर्गा मंदिर, समय मंदिर होते हुए पुनः जूनियर हाई स्कूल पर समाप्त होगी। यात्रा का समय: प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक है।

आयोजक अभिलाष भट्ट ने सहयोगियों संग किया कथा स्थल का निरीक्षण

मंगलवार को आयोजन के संरक्षक अभिलाष भट्ट ने सहयोगियों के साथ कथा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आपको बता दें कि अखिल भारतीय श्रीराम नाम जागरण मंच एवं जनमत सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक महोत्सव में अयोध्या धाम के स्वामी विष्णु दास जी महाराज कथा व्यास के रूप में श्रद्धालुओं को श्रीराम चरित्र का रसपान कराएंगे। 

प्रतिदिन अपराह्न तीन से शाम सात बजे तक संगीतमयी कथा होगी, जबकि सुबह आठ से दस बजे तक पर्यावरण संरक्षण यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों ने कथा श्रवण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बैठने, पेयजल, भोजन प्रसाद सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। 24 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा।

कथा आयोजक अभिलाष भट्ट ने कहा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं आत्मीयता बढ़ाने का माध्यम है।

महोत्सव के जरिए पर्यावरण संरक्षण, संस्कृत भाषा के प्रचार और सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजकों ने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।