मुजफ्फरनगर: चिलचिलाती धूप में सुविधाओं के अभाव में भी डटे हैं ट्रैफिक जवान, प्रशासन पर उठ रहे सवाल
एक ओर जहां भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए आम लोगों को दोपहर में घरों में रहने की सलाह दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के ट्रैफिक पुलिस कर्मी चिलचिलाती धूप में अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रहे हैं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। एक ओर जहां भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए आम लोगों को दोपहर में घरों में रहने की सलाह दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के ट्रैफिक पुलिस कर्मी चिलचिलाती धूप में अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रहे हैं।
शहर के व्यस्त अहिल्याबाई चौक पर तैनात ट्रैफिक जवान बिना किसी पर्याप्त सुविधा के घंटों खड़े रहकर यातायात को सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। पहले जहां यहां बैठने के लिए कुर्सियां और छाया की व्यवस्था हुआ करती थी, वहीं अब ये सुविधाएं नदारद हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि इन जवानों के लिए न तो बैठने की उचित व्यवस्था है, न ही तेज धूप से बचाव के लिए छाता और न ही पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे हालात में भी ये जवान अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनता को जाम से राहत दिला रहे हैं।
जनता की मांग:
ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के लिए तुरंत कुर्सी, छाया (छाता/शेड) और ठंडे पानी की व्यवस्था की जाए।
प्रशासन से सवाल:
क्या जनता की सेवा में लगे इन जवानों को बुनियादी सुविधाएं देना प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है?
अब जरूरत है कि संबंधित अधिकारी इस ओर तुरंत ध्यान दें, ताकि जो जवान हमारी सुविधा के लिए तपती सड़कों पर खड़े हैं, उन्हें भी न्यूनतम सुविधाएं मिल सकें।


