बहराइच: ट्रैक्टर-ट्राली से बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचे योगी के मंत्री, वितरित किया राहत किट
उप्र के बहराइच जनपद में बाढ़ के उफनते पानी और तेज बहाव के बीच राहत और मदद की उम्मीद लेकर खुद सरकार जमीन पर उतरी है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में बाढ़ के उफनते पानी और तेज बहाव के बीच राहत और मदद की उम्मीद लेकर खुद सरकार जमीन पर उतरी है। जिले की मोतीपुर तहसील के एक दर्जन से अधिक मजरे इस वक्त जलमग्न हैं, जहां जिंदगी पानी के पहरे में कैद है।
पीड़ितों का दर्द बांटने और हालात का जायजा लेने के लिए प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। सड़कें पानी में डूब चुकी थीं, लिहाजा मंत्री किसी वीआईपी गाड़ी से नहीं बल्कि सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर तेज धारा के बीच बाढ़ पीड़ितों के द्वार तक जा पहुंचे।
बाढ़ प्रभावित गाँवों में पहुँचे मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बाढ़ से हो रही समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी पीड़ा को सुना। बाढ़ग्रस्त ग्रामीणों की समस्याओं को देखने के बाद मंत्री ने प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित किया।
इस दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार बेहद संवेदनशील है और मुख्यमंत्री ने खुद उन्हें ग्रामीणों के बीच भेजा है ताकि ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं का निदान किया जा सके।
ग्रामीणों के बीच पहुंचे मंत्री ने कहा कि आने वाले भविष्य में जल्द ही ऐसा मसौदा तैयार किया जाएगा जिससे बाढ़ जैसी विभीषिका से इन गांवों को बचाया जा सके।







