प्रतापगढ़: मकान की पहली मंजिल पर लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हादसा; कोई जनहानि नहीं
उप्र के प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के सेनानी नगर मोहल्ले में शनिवार देर रात एक मकान की पहली मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के सेनानी नगर मोहल्ले में शनिवार देर रात एक मकान की पहली मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने में जुट गए। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बताया गया कि उक्त मकान पट्टी एसडीएम के स्टेनो अनुराग श्रीवास्तव का है।
उन्होंने मकान की पहली मंजिल पर दो फ्लैट किराए पर दे रखे हैं। जिस कमरे के सामने आग लगी, उसमें एयरटेल कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत अतुल श्रीवास्तव रहते हैं। वह मूल रूप से बनारस के निवासी हैं।
दीपावली पर्व मनाने के लिए शनिवार शाम ही परिवार के साथ अपने घर चले गए थे। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था। आग लगने की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान की पेंटिंग और लकड़ी के दरवाजे को नुकसान पहुंचा है। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है।



