कुशीनगर: टेस्ट ड्राइव के बहाने SUV लेकर निकला मालिक नहीं लौटा वापस, वर्कशॉप में मचा हड़कंप

उप्र के कुशीनगर जनपद के रविंद्रनगर धूस स्थित महिंद्रा शोरूम के वर्कशॉप में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मरम्मत के लिए आई एक महिंद्रा XUV 300 को उसका मालिक टेस्ट ड्राइव के बहाने लेकर चला गया।

कुशीनगर: टेस्ट ड्राइव के बहाने SUV लेकर निकला मालिक नहीं लौटा वापस, वर्कशॉप में मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट 

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के रविंद्रनगर धूस स्थित महिंद्रा शोरूम के वर्कशॉप में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मरम्मत के लिए आई एक महिंद्रा XUV 300 को उसका मालिक टेस्ट ड्राइव के बहाने लेकर चला गया।

आरोप है कि वह वर्कशॉप के मैकेनिक को भी साथ ले गया और बाद में कसया के बैरिया मोड़ चौराहे पर उसे उतारकर गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

वर्कशॉप मैनेजर ने लगाया गाड़ी लेकर भागने का आरोप

वर्कशॉप के मैनेजर दुर्गेश राय के अनुसार, गाड़ी मरम्मत के लिए आई थी। गाड़ी मालिक ने 20 हजार रुपये जमा कर रसीद प्राप्त की थी। इसके बाद गाड़ी की पूरी मरम्मत कर दी गई थी।

रविवार शाम गाड़ी मालिक अप्पू सिंह वर्कशॉप पहुंचे और मरम्मत के बाद गाड़ी की स्थिति जांचने के लिए टेस्ट ड्राइव पर जाने की बात कही। वह एक मैकेनिक को साथ लेकर गाड़ी से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे।

मैनेजर का आरोप है कि गाड़ी मालिक मैकेनिक को कसया के बैरिया मोड़ चौराहे पर उतारकर गाड़ी लेकर चला गया। घटना की जानकारी वर्कशॉप में पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई।

112 पर दी गई सूचना, पुलिस ने की पूछताछ

इसके बाद वर्कशॉप के कैशियर ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल की और वर्कशॉप प्रबंधन को थाने में लिखित तहरीर देने की बात कही।

वहीं, 112 पुलिस से टेलीफोन पर हुई बातचीत में संबंधित व्यक्ति ने पूरा भुगतान करने की बात कही। ऐसे में गाड़ी के भुगतान और उसे लेकर जाने की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

CCTV फुटेज से जांच में मिलेगी मदद

वर्कशॉप प्रबंधन इस घटना को गाड़ी लेकर भागने का मामला बता रहा है। अब पुलिस की जांच में गाड़ी के लेन-देन, भुगतान और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

CCTV फुटेज और संबंधित लोगों के बयान से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।