रायबरेली: गंगा एक्सप्रेसवे पर कुत्ता आने से तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार, दो घायल
उप्र के रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र स्थित गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से भीषण सड़क हादसा हो गया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले के लालगंज क्षेत्र स्थित गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से भीषण सड़क हादसा हो गया। चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शार्दुल (27) पुत्र शैलेंद्र और काजल (22) कोल्हापुर (महाराष्ट्र) से वाराणसी (काशी) दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद काजल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया, जबकि शार्दुल का उपचार सीएचसी लालगंज में जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन के सामने अचानक कुत्ता आ जाना बताया गया है।


