औरैया से सामने आया हैरान करने वाला वीडियो, क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं; पुलिस कर रही जांच

उप्र के औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला तीन मंजिला मकान से बाहर की ओर लगे जाल के सहारे नीचे उतरती हुई दिखाई दे रही है।

औरैया से सामने आया हैरान करने वाला वीडियो, क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं; पुलिस कर रही जांच
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला तीन मंजिला मकान से बाहर की ओर लगे जाल के सहारे नीचे उतरती हुई दिखाई दे रही है।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रही महिला को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि वह पुलिस विभाग में तैनात एक कर्मचारी की पत्नी है।

हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि किसी पारिवारिक विवाद या आपसी कहासुनी के चलते महिला ने इस तरह का जोखिम भरा कदम उठाया होगा, लेकिन इसकी सच्चाई क्या है यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

वीडियो को किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में महिला बेहद सावधानी के साथ जाल के सहारे नीचे उतरती नजर आ रही है। जिसे देख लोग हैरान रह गए।

इस दौरान आसपास के लोग भी मौजूद बताए जा रहे हैं, लेकिन वीडियो में उनकी स्पष्ट भूमिका सामने नहीं आई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें इस घटना की सूचना मिली है लेकिन अभी तक पूरी तरह से तथ्य स्पष्ट नहीं हो सके हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जा रही है और जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता, स्थान और संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।