रेलवे डिप्टी जीएम का हाथरस जंक्शन पर औचक निरीक्षण, गंदगी और अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों सहित सभी यात्री सुविधाओं की बारीकी से जांच की।

रेलवे डिप्टी जीएम का हाथरस जंक्शन पर औचक निरीक्षण, गंदगी और अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हाथरस से होमेन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट —

हाथरस / जनमत न्यूज। हाथरस के जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे के डिप्टी जनरल मैनेजर अतुल मिश्र ने शुक्रवार को करीब दो घंटे तक गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में गंदगी और जलभराव की स्थिति देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल व्यवस्था और शौचालयों सहित सभी यात्री सुविधाओं की बारीकी से जांच की। प्लेटफॉर्म और पानी के नलों के पास जलभराव की समस्या पर अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। ड्रेनेज सिस्टम की कमी सामने आने पर डिप्टी जीएम ने तुरंत जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए और कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान यात्रियों से बातचीत में आरक्षण टिकट में दिक्कत, दलाली की शिकायत और पानी की बोतलों पर अधिक कीमत वसूले जाने की बात सामने आई। वहीं टिकट मशीन पर कार्य कर रहे व्यक्ति का आई कार्ड गलत पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए।

डिप्टी जीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एक अन्य मामला भी सामने आया, जब कवरेज कर रहे स्थानीय पत्रकारों से पीआरओ द्वारा पहचान पत्र और लेटर मांगा गया। पहचान पत्र दिखाने के बावजूद उन्हें फर्जी बताए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।