गाजीपुर में गंगा का रौद्र रूप, खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा, 57 गांव बाढ़ से प्रभावित
जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का कहर जारी है। गाजीपुर में गंगा का जलस्तर आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

गाजीपुर/जनमत न्यूज। जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का कहर जारी है। गाजीपुर में गंगा का जलस्तर आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। वर्तमान में गंगा का जलस्तर 64.620 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जबकि जिले में खतरे का निशान 63.105 मीटर निर्धारित है। ऐसे में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
गाजीपुर जिले की सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद तहसीलें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। तटीय इलाकों में बसे दर्जनों गांवों में पानी घुसने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। किसानों की हजारों बीघा फसलें जलमग्न हो गई हैं। जिले के 57 गांव बाढ़ प्रभावित हैं, जिनमें से 24 गांव पूरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं। सड़कों पर पानी भर जाने से आवाजाही ठप हो गई है। बाढ़ के पानी से तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग सबसे अधिक परेशान हैं।
बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में 160 बाढ़ चौकियां और 44 बाढ़ शरणालय स्थापित किए हैं। इसके अलावा 500 आपदा मित्रों को तैनात किया गया है। एसडीएम और तहसीलदार लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। हर तीन घंटे में बाढ़ की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
प्रशासन का दावा है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की जा रही है और सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि ने तटीय क्षेत्रों के लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। बाढ़ के कारण लोगों के घरों में पानी घुस गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।