स्मार्ट मीटर और बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि जनपद में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। उनके अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई / जनमत न्यूज। हरदोई में जिला कांग्रेस कमेटी ने स्मार्ट विद्युत मीटरों और अघोषित बिजली कटौती को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि जनपद में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। उनके अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे गरीब, किसान और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था आम जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल रही है।
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। इनमें वर्तमान स्मार्ट मीटरों को हटाकर पारंपरिक मीटर पुनः स्थापित करना, स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराना, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर राहत देना तथा बिना पूर्व सूचना के हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाना शामिल है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि समय पर बिल भुगतान के बावजूद उपभोक्ताओं की बिजली काट दी जाती है, जिससे व्यापारियों के कामकाज और छात्रों की पढ़ाई पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों में तकनीकी खामियों और पारदर्शिता की कमी के कारण जनता का भरोसा कमजोर हुआ है।
इस दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी व्यापक जन आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Janmat News 
